May 23, 2026 |
Search
Close this search box.

BREAKING NEWS

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय स्वच्छ भारत मिशन के 9 वर्ष पूरे होने के अवसर पर स्वच्छता ही सेवा अभियान के हिस्से के रूप में कल ‘एक तारीख, एक घंटा, एक साथ’ मनाएगा

आंगनवाड़ी केंद्रों, वन स्टॉप सेंटरों और एनआईपीसीसीडी के कार्यालयों के माध्यम से अभियान आयोजित किए जा रहे हैं और 29000 से अधिक कार्यक्रमों की योजना बनाई गई है

Listen to this article

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय स्वच्छ भारत मिशन की 9वीं वर्षगांठ के अवसर पर स्वच्छता ही सेवा अभियान के हिस्से के रूप में ‘एक तारीख, एक घंटा, एक साथ’ में सक्रिय रूप से भागीदारी कर रहा है। यह अभियान 1 अक्टूबर 2023 को सुबह 10 बजे एक घंटे की अवधि के लिए निर्धारित है।

आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय की एक प्रमुख पहल, स्वच्छ भारत मिशन ने “स्वच्छता ही सेवा (एसएचएस) – 2023” कार्यक्रम को शुरू किया है, जो 15 सितंबर से 2 अक्टूबर 2023 तक आयोजित किया जा रहा है। एसएचएस-2023 का विषय श्रमदान और जन भागीदारी के माध्यम से उच्च स्तर पर स्वच्छता को उजागर करके “कचरा मुक्त भारत” की तरफ अग्रसर होना है। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है कि अभियान के तहत सामुदायिक भागीदारी के साथ सफाई गतिविधियां संचालित की जाएं जिनका जमीनी स्तर पर असर दिखाई दे।

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने 15 लाख से अधिक लोगों की अपेक्षित भागीदारी के साथ 29000 से अधिक कार्यक्रमों की योजना बनाई है। मंत्रालय के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों, वन स्टॉप केंद्रों और राष्ट्रीय जन सहयोग और बाल विकास संस्थान (एनआईपीसीसीडी) के कार्यालयों के माध्यम से “एक तारीख, एक घंटा, एक साथ” अभियान के हिस्से के रूप में आयोजित किए जा रहे हैं।

ये स्वच्छता अभियान मुख्य रूप से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आंगनवाड़ी केंद्रों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशनों, समुद्र तटों, पर्यटन स्थलों, नदी के किनारों, घाटों, नालों आदि के पास सार्वजनिक क्षेत्रों को लक्षित करेंगे। इसके अलावा, बच्चों, गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली महिलाओं के बीच स्वच्छता के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए आंगनवाड़ी केंद्रों में अभियान भी आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान में उत्साहपूर्ण भागीदारी स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के प्रति विभिन्न हितधारकों के समर्पण और प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

Comments are closed.